रविवार, 25 फ़रवरी 2024

होली पर कविता - " भरा इश्क़ का रंग रहे "

 कविता...


                       भरा इश्क़ का रंग रहे 


खुशियाँ फैले जीवन में और, मन में खूब उमंग रहे।
प्रेम,प्यार की पिचकारी में, भरा इश़्क का रंग रहे।

जब जले होलिका याद रहे कि,रोशन हो ये जग सारा।
द्वेष, घृणा सब मिट जाए ,हो न कहीं भी अंधियारा।
मन के भेद मिटाकर आओ,सबको गले लगाएँ।
ये भारत की खुशबू है, हम दुनियाँ को बतलाएँ।
स्नेह मिले हर भाषा में और,अद्भुत अजब प्रसंग रहे।
प्रेम, प्यार की पिचकारी में, भरा इश्क़ का रंग रहे।

हर मज़हब की भाषा ऐसी, अपनापन सिखलाए।
और तिरंगा हृदय में सबके, रंगों से बन जाए।
नभ ने देखो जब खेला रंग, हुआ वही नीला नीला,
फूल और पत्तों ने खेला, हरा-हरा, पीला-पीला।
लगे गुलाल गालों पे जब भी, भीनी भीनी गंध रहे।
प्रेम, प्यार की पिचकारी में, भरा इश्क़ का रंग रहे।

~ प्रियांशु कुशवाहा "प्रिय"
        सतना ( म. प्र. )




कविता - "आओ सब मिलकर दिवाली मनाएँ"

 कविता ~


 'आओ सब मिलकर दिवाली मनाएँ' 


ईर्ष्या की झोली से तम को मिटाकर,
प्रेम और वैभव की रोशनी जलाकर।
पलकों ने जिसको संजोए थे अब तक,
उन दुखी अश्कों को मन से हटाकर।
इश्क़ की खुशबू को जग भर फैलाएं,
आओ सब मिलकर दिवाली मनाएँ ।

हम सबके मज़हब में ज्ञान का संचार हो,
भाई से भाई तक आकाशभर प्यार हो।
आंखें प्रफुल्लित हो देखकर जिसे वह,
स्नेह की दुकानों का रोशन बाज़ार हो।
मुस्काते शहर में हम शामिल हो जाएं ।
आओ सब मिलकर दिवाली मनाएँ ।

सुमन सा सुगंधित हो हर पल हमारा,
प्रीत का भी चमके घर-घर सितारा।
महल भी रोशन हों हर दिये से लेकिन,
झोपड़ी तक जाए दीप का उँजियारा।
मुहब्बत की कोई फुलझड़ी जलाएं।
आओ सब मिलकर दिवाली मनाएँ।


  © प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय'
         सतना ( म. प्र )
       मो. 9981153574




कविता - ' वंचित होकर सुविधाओं से '

कविता -  

           ' वंचित होकर सुविधाओं से '


वंचित होकर सुविधाओं से,देश की जनता रोती है।

ये कैसी सरकार है साहब,बारह महीने सोती है।



प्रमाण पत्र वो गौ रक्षा का,घर घर लेकर जाते हैं।

और लावारिस गायों की हम,रोज ही लाशें पाते हैं।

पर्यावरण हो शुद्ध जरूरी, पौधे रोज लगाएंगे।

देखरेख भगवान भरोसे, फोटो तो खिचवाएँगे।

ढेर दिखावे दुनियाँभर के, घर के भीतर होते हैं,

और गरीब बेचारे अपनी, झोपड़ियों में सोते हैं।

हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई भाई भाई कहते हैं।

लेकिन मन में भेद लिए सब लड़ते भिड़ते रहते हैं।

है जिनके बंगला गाड़ी, क्या वहीं गरीबी होती है ?

ये कैसी सरकार है साहब........



अखबारों से टी.वी. तक सब अच्छाई ही लगती है।

झूठ परोसा जाए फिर भी सच्चाई ही लगती है।

देश ये भूखा मर जाए पर पिक्चर इन्हें दिखानी है,

मुद्दों से भटकाने की यह अद्भुत अजब कहानी है।

सच को सच कहने वाले ही देशद्रोह में शामिल हैं,

लाश को काँधा देने वाले कहलाते सब क़ातिल हैं।

चोर, लुटेरे, डाँकू, दुश्मन, सब हैं कुर्ते के भेष में, 

घोटालों का जन्म इन्हीं से, हुआ हमारे देश में।

इस भ्रष्टाचारी लोकतंत्र में, झूठ की पूजा होती है,

ये कैसी सरकार है साहब........


© प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय'
         सतना ( म.प्र )
     मो. 9981153574


कविता - '' देखो यहाँ विकास हो रहा '' - कवि प्रियांशु 'प्रिय'

  कविता   

     'देखो यहाँ विकास हो रहा !'

         


सारे शहर में खुदा है गड्ढा, सड़क का सत्यानाश हो रहा।

नेता मंत्री गर्व से बोलें, देखो यहाँ विकास हो रहा।

चार वर्ष ये नींद में गहरी, जी जी भरकर सोया करते।

जनता इनके पैर की जूती, नहीं किसी से कभी ये डरते।

जब चुनाव की बारी आती, होश में तब ये आते हैं,

ढेरों वादे और घोषणा की झोली भर लाते हैं।

तब इनको लगता है, जनता के हिस्से की बात करें।

उनको ही भगवान बनाएँ, पूजा भी दिनरात करें।

जिनका रहा विरोध हमेशा, अब उनपर विश्वास हो रहा।

नेता मंत्री गर्व से बोले, देखों यहाँ विकास हो रहा......


रुतबा इनका ऐसा है कि, ऊपर ही पेशाब करेंगे।

अपने हक की बात करो तो, उसमें बहुत हिसाब करेंगे।

जब चुनाव की बारी आयी, इन्होंने इतना प्यार है बाँटा।

कइयों के खाते तक देखो, पैसे कई हज़ार है बाँटा।

जन की सेवा करने खातिर, गाँव गाँव में मित्र बनाए।

जनसेवा ने ज़हर खा लिया, इन्होंने अपने वोट गिनाए।

सब उनके बन गए प्रचारक, ऐसा ही आभास हो रहा।

नेता मंत्री गर्व से बोले, देखों यहाँ विकास हो रहा........ 


   © प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय' 

        सतना ( म. प्र. ) 
        मोबा - 9981153574





बघेली कविता - 'आमैं लाग चुनाव'

बघेली कविता -   

                          ' आमैं लाग चुनाव '    

हरबी हरबी रोड बनाबा, आमैं लाग चुनाव,

चुपर-चुपर डामर पोतबाबा, आमैं लाग चुनाव। 

          

बहिनी काहीं एक हज़ार है, भइनें काहीं लपकउरी,

जीजौ का अब कुछु देबाबा, आमैं लाग चुनाव।


जनता का अपने गोड़े के, पनहीं अस त मनत्या है।

वोट के खातिर तेल लगाबा, आमैं लाग चुनाव।


चार साल तुम चून लगाया, पचएँ माहीं कहत्या है,

फूल के सउहें बटन दबाबा, आमैं लाग चुनाव।


जनता आपन काम छाड़िके, लबरी सुनैं क ताके ही,

तुम निसोच रैली करबाबा, आमैं लाग चुनाव।


सालन से अंधियारे माहीं, रहिगें जे मनई भइलो,

उनखे घर झालर तुतुआबा, आमैं लाग चुनाव।


- प्रि‍यांशु कुुशवाहा 'प्रि‍य'  
        सतना ( म.प्र.) 
   मोबा- 9981153574  





शनिवार, 26 अगस्त 2023

कारगिल दिवस पर कविता

 कारगिल दिवस पर कविता 

वीर सैनिकों पर मैं कोई श्रेष्ठ कविता लिख सकूँ ये हिम्मत मेरी कलम में नहीं है परंतु अपने रचनात्मक सहयोग से उन अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन तो अर्पित कर ही सकता हूँ। जिनके कारण हम सब चैन की नींद सो पाते हैं। 26 जुलाई 2023 को 24वाँ कारगिल दिवस समारोह विट्स कॉलेज, सतना में मनाया गया। जिसमें कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए साथ ही मैंने भी सैनिकों के सम्मान में अपने शब्द पुष्प अर्पित किए। सुनिए 28 ये कविता...... ❤️


कारगिल दिवस पर कविता 


कविता -

( वीर जवान )

वीर जवानों के चरणों में, आओ शीश नवाएँ हम।
इनके ही सम्मान की खातिर, कारगिल दिवस मनाएँ हम।

घर छोड़ा परिवार को छोड़ा, देश की खातिर चले गए।
शौर्य और साहस से निर्मित, चट्टानों से ढले गए।
इनके भीतर शेर-सा बल है, फौलादों-सा सीना है।
देश की रक्षा सबसे ऊपर, क्या मरना क्या जीना है।
यही हमारी शक्ति हैं और इनसे ही जी पाएँ हम...
इनके ही सम्मान की खातिर......

यही पिता के स्वप्न सजाते, माँ के राजदुलारे हैं।
बहनों के सब हृदय में बसते, घर के ये ध्रुव तारे हैं।
स्नेह यही और प्रेम है इनका, रग में साहस भरता है।
दुश्मन आँख मिलाने पर भी, थरथर थरथर डरता है।
यही जीत हैं देश की अपने, इनसे विजय ही पाएँ हम।
इनके ही सम्मान की खातिर......

ये मनोज और विक्रम जैसे, जज़्बा दिल में पाले हैं।
सर कट जाए, झुके नहीं, यह हिम्मत रखने वाले हैं।
देश की खातिर मर मिटने की, कसम जिन्होंने खाई है।
सौ सौ नमन करूँ मैं उनको, जिसने जान गवाई है।
राष्ट्र है गर्वित शान में जिनके, उनको शीश झुकाएँ हम।
इनके ही सम्मान की खातिर......

© प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय'
       सतना ( म. प्र. )



कारगिल विजय दिवस
VITS COLLEGE, SATNA







बघेली कविता- हमरे यहां आजादी ही ?

 बघेली कविता-
                    हमरे यहां आजादी ही ?

रचनाकार - प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय'

सबके सउहें नीक कही जे, ओहिन के बरबादी है।
केसे भला जाय के बोली ? हमरे इहाँ आजादी है।

मजदूरन के चुअय पसीना,तब य भुइयाँ महकत ही,
सोन चिरइया बड़े बिहन्ने, सबके दुअरा चहकत ही।
रंग बिरंगा फूल का देखा, नद्दी देखा, हरियाली,
केतना सुंदर देश हबय य, चारिउ कइती उंजियाली।
सीमा माही लगे हमय जे, उनहिंन से है देश महान,
हमरे तुम्हरे पेट के खातिर, ठंडी गर्मी सहय किसान।
चोर, डकैती छुट्टा बागैं, उनहिंन के आबादी है।
केसे भला जाय के बोली ? हमरे इहाँ आजादी है....

गाँधी जी के फोटो काहीं, चारिउ कइती देखित हे,
सत्य अहिंसा बिसर गयन है, यहै मनै मन सोचित हे।
देश के खातिर चढ़िगें फाँसी,सुन्यन भगत के अमर कहानी,
चंद्रशेखर आजाद छाड़िगें,भुइयाँ माहीं अमिट निशानी।
कमलादेवी, लक्ष्मीबाई , अउर सरोजिनी, झलकारी,
माटी खातिर जान दइ दिहिन, बहिनी,बिटिया,महतारी।
चार ठे माला पहिर के भइलो,बाँट दिहिन परसादी है।
केसे भला जाय के बोली ? हमरे इहाँ आजादी है...

भाईचारा,साहुत बिरबा,जड़ से उईं निरबार दिहिन,
जाति धरम का आँगे कइके, मनइन काहीं मार दिहिन।
निबला काहीं मिलै न रोटी, फुटहे घर मा सोबत है,
निकहें दिन कइसा के अइहैं, यहै सोच के रोबत है।
गाड़ी, मोटर, बंगला वाले, अति गरीबी झेलत हें,
सबै योजनन के पइसा का, उईं साइड से पेलत हें।
लूट के पइसा भागें निधड़क, उनहिंन के अब चाँदी है।
केसे भला जाय के बोली ? हमरे इहाँ आजादी है...

 रचनाकार - प्रियांशु कुशवाहा 'प्रिय'
सतना , ( मध्यप्रदेश )   MOB - 9981153574



दूरदर्शन के युवा समय कार्यक्रम में बघेली कविता

  मध्यप्रदेश दूरदर्शन पर प्रसारित हुईं कवि प्रियांशु 'प्रिय' की बघेली कविताएँ कविता पाठ वीडियो लिंक 👇👇                            ...